प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के चयन की होगी जांच, डीएम ने दिए निर्देश
प्रमुख सम्पादक देवेन्द्र सिंह राय
विकासनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक पात्र एवं गरीब लोगों को दिलाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा की ओर से किए गए आंदोलन का असर दिखाई देने लगा है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व मोर्चा ने तहसील घेराव कर प्रधानमंत्री आवास योजना की चयन सूची की गहन जांच कराने तथा वास्तविक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई थी।
नेगी के अनुसार, मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण ने खंड विकास अधिकारी, विकासनगर को चयन सूची की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसे मोर्चा की मुहिम की सफलता बताया।
नेगी ने आरोप लगाया कि विकासनगर ब्लॉक की सूची में कई वास्तविक पात्र लोगों के नाम काटे गए, जबकि सरकारी नौकरी पेशा लोगों, उनके परिजनों तथा दो-तीन मंजिला मकान वाले साधन संपन्न लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ये आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला होगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ साधन संपन्न लोगों ने अपने वास्तविक भवनों के बजाय पुराने टीन शेड, गौशालाओं और खंडहरों को दर्शाकर योजना का लाभ लेने का प्रयास किया है। मोर्चा ने मांग की है कि पूरी चयन सूची का निष्पक्ष सत्यापन कराकर अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएं और वास्तविक गरीब एवं पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।







