मंत्री रेखा आर्य पर जन संघर्ष मोर्चा का हमला, बोले नेगी—पीआरडी जवानों को हक देकर करें पश्चाताप
विकासनगर। उत्तराखंड में पीआरडी जवानों की मांगों को लेकर सियासत गरमा गई है। जन संघर्ष मोर्चा ने युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य पर निशाना साधते हुए पीआरडी जवानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने मंत्री से जवानों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है।
उत्तराखंड में पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अब जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश सरकार और युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
विकासनगर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के पीआरडी जवान बेहद कम मानदेय में अपने परिवार का पालन-पोषण करने को मजबूर हैं। हालात यह हैं कि जवानों को सालभर में महज चार से पांच महीने ही काम मिल पाता है। ऐसे में उनके सामने परिवार का खर्च चलाना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
नेगी ने सवाल उठाया कि आखिर पीआरडी जवानों को सालभर रोजगार क्यों नहीं दिया जा रहा है? उन्होंने युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य पर जवानों की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता बरतने का आरोप लगाया।
वहीं, मंत्री रेखा आर्य से जुड़े कथित अवैध कमाई के आरोपों का जिक्र करते हुए नेगी ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित होने वाली खाद्य सामग्री, सूट-साड़ियों और मोबाइल की खरीद में कमीशनखोरी के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई। ये आरोप नेगी ने पत्रकार वार्ता में लगाए हैं।
मोर्चा अध्यक्ष ने मंत्री से सवाल किया कि जब उनके विभाग के पीआरडी जवान बेहद कम मानदेय और सीमित रोजगार में जीवन गुजार रहे हैं, तो उनके हितों की चिंता क्यों नहीं की जा रही है?
अंत में नेगी ने मंत्री रेखा आर्य को नसीहत देते हुए कहा कि यदि उन्हें अपने किए का पश्चाताप करना है तो पीआरडी जवानों को उनका हक और न्याय दिलाएं।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में हाजी असद और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।






