विकासनगर। नौवघाट भीम वाला पुल का निर्माण कार्य विभागीय उदासीनता के चलते पिछले करीब दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। उत्तराखंड सरकार की ओर से लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया गया है, लेकिन पुल का निर्माण कार्य लगभग समाप्ति की ओर होने के बावजूद एप्रोच रोड का कार्य अधूरा होने के कारण पुल पर आवागमन शुरू नहीं हो पाया है। हिमाचल सीमा की ओर एप्रोच रोड का निर्माण पूरा न होने से पुल तैयार होने के बाद भी लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों और काश्तकारों का कहना है कि पुल के निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन संबंधित विभाग एप्रोच रोड के कार्य को तेजी से पूरा कराने में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। वहीं, क्षेत्र के किसानों ने एप्रोच रोड निर्माण के लिए विभाग को अपनी सहमति भी प्रदान कर दी है, इसके बावजूद कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
काश्तकारों की मुख्य मांग है कि एप्रोच रोड का निर्माण शुरू करने से पहले पुल के समीप उनकी कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए। किसानों का कहना है कि बरसात के दौरान नदी का तेज बहाव उनकी जमीनों को नुकसान पहुंचाता है। इससे पहले भी नदी के पानी के कटाव के चलते उनकी कई बीघा कृषि भूमि नदी में समा चुकी है। ऐसे में यदि सुरक्षा दीवार का निर्माण किए बिना एप्रोच रोड का कार्य किया गया तो आने वाले बरसात के मौसम में उनकी जमीनों को दोबारा नुकसान होने का खतरा बना रहेगा।






