विकासनगर नवघाट के समीप यमुना नदी में बेखौफ जारी है अवैध खनन, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल
विकासनगर। क्षेत्र के नवघाट के समीप यमुना नदी का सीना छलनी कर अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। खनन माफिया प्रशासनिक नियमों को ताक पर रखकर दिनदहाड़े नदी से उपखनिज का दोहन कर रहे हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लग रहे हैं।
अनुसार, खनन माफिया अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से यमुना नदी और सीमावर्ती हिमाचल के क्रेशरों से बिना किसी वैध रवन्ने के खनन सामग्री ढो रहे हैं। माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने नवघाट स्थित बगीचे के बीच से अपना अवैध रास्ता तैयार कर लिया है, जहाँ से बेरोकटोक खनिज से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ निकाली जा रही हैं।
जिम्मेदार विभागों की चुप्पी से मिलीभगत की आशंका लग रही है
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अवैध खनन से भरे इन वाहनों को रोकने वाला कोई नहीं है। न तो क्षेत्र में कार्यरत ‘कैलाश रिवर बैंड माइनिंग’ कंपनी के कर्मचारी इन पर कोई रोक लगा रहे हैं, और न ही स्थानीय पुलिस या तहसील प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की जा रही है। दिन के उजाले में नदी के भीतर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और जिम्मेदार एजेंसियों की इस रहस्यमयी चुप्पी को देखकर स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा आम है कि यह पूरा अवैध खेल संबंधित विभागों की कथित मिलीभगत से संचालित हो रहा है।
बिना वैध रवन्ने के हो रहे इस अवैध परिवहन और खनन से सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व की सीधा चपत लग रही है। इसके साथ ही नदी की धारा से छेड़छाड़ और बगीचे से अवैध रास्ते बनाए जाने से पर्यावरण और स्थानीय भूमि को भी भारी नुकसान पहुँच रहा है।
स्थानीय ग्रामीण ने उच्चाधिकारियों से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने, अवैध रास्ते को बंद कराने और खनन माफियाओं के साथ-साथ लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की






