ऋषिकेश में वाहन चोरी का खुलासा, नशे की लत ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
चोरी की टाटा स्पेशियो के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, नंबर प्लेट तोड़कर छिपाया था वाहन
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069 बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने वाहन चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को सुनील पोखरियाल निवासी ढालवाला, मुनिकीरेती, टिहरी गढ़वाल ने ऋषिकेश बस अड्डे के पास पार्किंग से अपनी टाटा स्पेशियो चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 14 अगस्त की रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई टाटा स्पेशियो आईडीपीएल क्षेत्र में खड़ी है और आरोपी उसे कहीं ले जाने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस ने आईडीपीएल क्षेत्र में बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट का सफेद चार पहिया वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर थापा पुत्र राजू थापा, निवासी नवोदय नगर, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार, उम्र 30 वर्ष बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वाहन को ऋषिकेश बस अड्डे के पास पार्किंग से चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान जगह-जगह पुलिस चेकिंग होने के कारण उसने चोरी का वाहन लेबर कॉलोनी क्षेत्र के सुनसान स्थान पर छिपा दिया था। पुलिस से बचने और वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसने दोनों नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थीं। बाद में वाहन को दूसरी जगह ले जाने की कोशिश के दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बरामदगी: टाटा स्पेशियो वाहन संख्या UK01TA2069, रंग सफेद।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, चौकी प्रभारी श्यामपुर, हेड कांस्टेबल अमित राणा, कांस्टेबल बिजेन्द्र पुण्डीर और कांस्टेबल सुन्दर शामिल रहे।






