चोरी का खुलासा: सहसपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, 35 हजार रुपये और मोबाईल बरामद।
रिपोर्ट जोधवीर सिंह रावत
सहसपुर। कोतवाली सहसपुर पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी समेत कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को शंकरपुर निवासी वाजिद पुत्र कलीम ने कोतवाली सहसपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और पर्स में रखे 38 हजार रुपये चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक सहसपुर ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का सत्यापन करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 13 अगस्त 2026 को अबूजर पुत्र जहीर, निवासी बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर, उम्र 22 वर्ष को शंकरपुर से कैंची वाला जाने वाले रास्ते के पास स्थित खंडहर के निकट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार आरोपी अबूजर करीब एक सप्ताह पहले ही जेल से रिहा होकर आया था। चोरी का सामान बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार अबूजर के खिलाफ विकासनगर और सहसपुर कोतवाली में चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 के चोरी के तीन मामले, वर्ष 2024 और 2025 के सहसपुर कोतवाली के मामले तथा वर्ष 2026 के एनडीपीएस और चोरी से संबंधित मुकदमे शामिल हैं।
बरामदगी
– 35 हजार रुपये नकद
– वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन
पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह, कांस्टेबल राजबीर भंडारी, कांस्टेबल मंजीत कुमार और कांस्टेबल बृजपाल शामिल रहे।






