National media news ( nm news)

सम्पादक देवेन्द्र राय

November 19, 2026 7:53 am

National media news ( nm news)

सम्पादक देवेन्द्र राय

Follow Us

November 19, 2026 7:53 am

मन की अनंत दशा का एक दशा में होना योगी के हृदय का च

वरिष्ठ पत्रकार एवं चिंतक बांकेलाल निषाद “प्रणव”

 

*मन की अनंत दशा का एक दशा में होना ही एकादशी है– स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज* 

 

“*एकादशी एक मन बस कर सेवहु जाए*” । 

“*कोई व्रत पावइ आवागमन नसाय।।*”

“*एकादशी एक मन दस इन्द्री बस होय*।”

“*कहैं कबीर सो सेविका, हरि भजि निरमल होय।।”*

 

“*मन की अनंत दशा का एक दशा में होना योगी के हृदय का चित्रण है”* 

 

20 दिसंबर को देवप्रबोधनी एकादशी है। जो मोक्षदायिनी ज्ञान गंगा केंद्र श्री परमहंस आश्रम शक्तिषगढ़ में एक आध्यात्मिक उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। इस शुभ अवसर पर पूज्य श्री गुरुदेव भगवान परमहंस स्वामी श्री अड़गड़ानंद जी महाराज का प्रवचन सत्संग व उपदेश विशेषकर एकादशी व्रत पर ही होता है जिसके माध्यम से वे मन की अनंत दशा का एक दशा में करने का विधि-विधान बताते हैं। पूज्य श्री गुरुदेव भगवान बताते हैं कि एकादशी पर्व मनाने की परंपरा गुरुदेव भगवान परमहंस स्वामी परमानंद जी महाराज के समय से ही चली आ रही है। वास्तव में विचारणीय है कि एकादशी है क्या? इसका हमारे जीवन में क्या महत्व है? तो पूज्य श्री गुरुदेव भगवान परमहंस स्वामी श्री अड़गड़ानंद जी महाराज बताते हैं कि साधक भक्त के जीवन में एकादशी का महत्व यही है कि जो मन जन्म -जन्मांतर से अनंत दशा में भटक रहा है उसकी एक दशा हो जाए। मन की अनंत दशा का एक दशा में होना ही एकादशी है। दशरथ जी थे ब्याह शादी भगवान राम का हुआ तो कुछ और मन की दशा थी, राजतिलक का समय आया तो कुछ और दशा हो गयी, और वन चले गये तो कुछ और दशा हो गयी । तो जीव की सदा एक दशा है मन सहित इंद्रियां जब संयमित हो करके परमात्मा के आलोक में विचरण करने लगे तो वो ही व्रत का फल होता है। ‘वर’ माने श्रेष्ठ , रत मतलब लगाव परमात्मा के प्रति हमारी मन सहित इंद्रियां व्रत ले-ले कि हमें अब एक परमात्मा का ही चिंतन करना है, बाहरी विषय वासना का चिंतन हमें नहीं करना है।

*मन क्रम बचन छाड़ि चतुराई ।* *भजत कृपा करिहहिं रघुराई ।।* भगवान की कृपा हो जाती है तो व्रत में वो लोग सफल हो जाते हैं। माता पार्वती का भी यही संकल्प था कि:– 

*बरउं संभु न त रहहुं कुंवारी।*

*जन्म कोटि लग रगर हमारी।।*

तो व्रत एक संयम का नाम है। मन की अनंत दशा के कारण ही जन्म – जन्मांतर से जीव अनंत संस्कारों की चादर में लिपटा हुआ है और कीट-पतंगादि योनियों का शिकार हो रहा है। अनंत दशाओं के कारण ही जीव शिव नहीं बन पाता । जबकि मन एक है हमें मन को समय के महापुरुष सद्गुरु के श्री चरणों में लगाना चाहिए, सर्वस्व का हरण करने वाले हरी की भक्ति में लगाना चाहिए। क्यों कि सद्गुरु खेवनहार होते हैं जन्म-जन्मांतर के संस्कारों को काटने वाले होते हैं, कीट पतंग आदि योनियों को भस्मसात करने वाले होते हैं। इसलिए मन को एक हरि की भक्ति में लगाएं। तुलसीदास जी ने भी यही बात कहा है।

*तुलसी मन तो एक है भावै जहा‌ं लगाय।* 

*भावै हरि की भक्ति कर भावै विषय कमाय।।*

 मन की गति से तेज चलने वाली कोई चीज सृष्टि में नहीं बनी क्षण – क्षण में मन कई जगह उड़ान भर लेता है–

“*एक क्षण में योगी, एक क्षण में भोगी ।*”

“*पल भर में ज्ञानी , पल में वियोगी।।*” 

मन को बस में करना या एक ईश्वर में लगाना बड़ा दुष्कर है। इसी दुष्करता का संशय अर्जुन को भी था उसने योगेश्वर श्रीकृष्ण से निवेदन किया कि प्रभो मन को बस में करने का उपाय बतायें तो भगवान श्रीकृष्ण ने कहा कि हे अर्जुन:–

“*असंशयं महाबाहो मनो दुर्निग्रहं चलम्।*”

“*अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्याति*।।”

भगवान श्री कृष्ण ने कहा कि हे अर्जुन नि: संदेह मन बड़ा चंचल है लेकिन यह अभ्यास और वैराग्य के द्वारा बस में होता है । जहां ( ईश्वर में )चित्त को लगाना है वहां स्थिर करने के लिए बार-बार प्रयन्त का नाम अभ्यास है तथा देखी- सुनी विषय- वस्तुओं में (संसार- स्वर्गादि भोगों) में राग अर्थात लगाव का त्याग ही वैराग्य है। अन्यथा कबीर दास की वाणी :–

एकादसी एक मन बस करै। तौ सब ही फल होय।

मन तो चंचल दह दिसि फिरै , ब्रत किये क्या होय।।

तो कहने का आशय है कि एक परमात्मा के भजन का हमें ब्रत लेना चाहिए। पूज्य श्री गुरुदेव भगवान ने अपने उद्बोधन में बताये कि मन की अनंत दशा को एक दशा में करने का यही उपाय है कि दो-ढाई अक्षर ‘ओम् ‘, ‘राम’ अथवा ‘शिव’ किसी भी एक नाम का जप और सद्गुरु का ध्यान , बस यही नाम और रूप का अभ्यास करें। दो एक महीने ऐसा करने से सद्गुरु हृदय से जागृत हो जाते हैं और मार्गदर्शन करने लगते हैं। साधक को उठाने- बैठाने, सोवाने- जगाने, हमारी-आपकी तरह बोलने बतियाने लगते हैं , पग-पग पर खतरों से अवगत कराने लगते हैं । जब ऐसा मार्गदर्शन भगवान ह्रदय से जागृत हो कर करने लगें तो उनके आदेश में हमें यंत्रवत चलना है। उनके आदेश में यंत्रवत चलना ही भजन है। पूर्ति पर्यंत जब तक परमात्मा का दीदार न हो जाए तब तक यंत्रवत चलने का नाम ही अभ्यास और वैराग्य है। परमात्मा/, सद्गुरु/भगवान परम दयालु होते हैं हम एक पग चलतें हैं तो भगवान चार पग चलतें हैं। जहां भक्त मम पग धरे। तहां धरु मैं हाथ।।

पीछे-पीछे सदा चलूं कभी न छांडूं साथ।।

तो कहने का आशय है कि आध्यात्मिक जीवन की संपूर्ण विधि- विधान यथार्थ गीता है जो एक ईश्वरीय वरदान है , ईश्वरीय शक्ति है और ईश्वरीय वाणी है जिसे विश्व गुरु विश्व गौरव से सम्मानित कालजयी धर्म-शास्त्र यथार्थ गीता के प्रणेता समय के तत्व द्रष्टा महापुरुष अनंत विभूषित ब्रह्मऋषि करुणा निधान परमहंस स्वामी श्री अड़गड़ानंद जी महाराज के मुखारबिंद से निसृत वाणी है। इसकी आवृत्ति कम से कम चार वार करें यह लौकिक और पारलौकिक जीवन की कुंजी है।

NM News live
Author: NM News live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *