सेपियंस स्कूल में लक्की रावत का भव्य सम्मान, उत्तरी ध्रुव पर तिरंगा फहराकर लौटे
प्रमुख सम्पादक देवेन्द्र सिंह राय
विकासनगर के सेपियंस स्कूल में उत्तरी ध्रुव की साहसिक यात्रा पूरी कर सकुशल लौटे लक्की रावत के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने लक्की रावत का स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।
उत्तरी ध्रुव पर तिरंगा फहराकर लक्की रावत ने न केवल विकासनगर और उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर सेपियंस स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

स्कूल प्रबंधक रविकांत सपरा, श्रीमती रशिता सपरा, निदेशिका रश्मि गोयल, प्रधानाचार्य नवीन तनेजा सहित समस्त शिक्षकगणों ने लक्की रावत को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके परिजनों को भी शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने लक्की रावत की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने का संकल्प लेना चाहिए।
लक्की रावत की यह उपलब्धि निश्चित तौर पर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है और बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।






