चोरी की फिराक में घूम रहा युवक अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार
विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान कोर्ट रोड ढालीपुर क्षेत्र से दबोचा, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात्रि के समय चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर 2026 की रात करीब 11:44 बजे पुलिस टीम कोर्ट रोड, ढालीपुर क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में धारा 25/4 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी करता है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रात्रि में चोरी के दौरान लोगों को डराने के उद्देश्य से खुखरी साथ रखने की बात भी बताई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साबिर पुत्र सगीर, निवासी वार्ड नंबर-09 ढकरानी, कोतवाली विकासनगर, जनपद देहरादून, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 29/2025, धारा 25/4 आर्म्स एक्ट तथा मु0अ0सं0 289/2026, धारा 25/4 आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कांस्टेबल 45 रजनीश तथा होमगार्ड राजपाल सिंह, कोतवाली विकासनगर शामिल रहे।





