चमोली में SC/ST इम्प्लाइज फेडरेशन की नई कार्यकारिणी गठित, भरत कोठियाल बने जिलाध्यक्ष
गोपेश्वर।उत्तराखंड अनुसूचित जाति/जनजाति इम्प्लाइज फेडरेशन की जनपद शाखा चमोली की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को अंबेडकर भवन, गोपेश्वर में आयोजित की गई। पौड़ी गढ़वाल मंडल के मंडलीय अध्यक्ष मांगे राम मौर्य की उपस्थिति एवं देखरेख में हुई बैठक में कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकारों और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से वर्ष 2026-27 के लिए नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इनमें पदोन्नति में आरक्षण, बैकलॉग के रिक्त पदों को भरने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था, रोस्टर प्रणाली तथा निजीकरण जैसे विषय प्रमुख रहे। वक्ताओं ने कहा कि इन मुद्दों का सीधा संबंध कर्मचारियों के अधिकारों और अवसरों से है। संगठन को इन विषयों पर एकजुट होकर प्रभावी आवाज उठानी होगी।

नवगठित कार्यकारिणी में **श्री भरत कोठियाल को अध्यक्ष तथा श्री कुंवर सिंह रावत को महासचिव** की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं हरीश टम्टा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मीना आगरी एवं प्रकाश टम्टा को उपाध्यक्ष, बद्री कोहली को कोषाध्यक्ष, सुरेश राज को मीडिया प्रभारी और जगत राम को संगठन सचिव चुना गया।
बैठक का संचालन जे.एल. रडवाल ने किया। इस अवसर पर दिनेश शाह, रोमेश शाह, पी.एल. बैछवाल, जी.एल. आर्य, जगदीश टम्टा, हरीश कुमार, कैलाश चन्द्रवाल, धनी आगरी, बलवंत राम, शिवानी सहित जनपद के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के समापन पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष भरत कोठियाल ने सभी पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कर्मचारी हितों की रक्षा, संवैधानिक अधिकारों की मजबूती और संगठन को सक्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।







