भूमि विवाद में शांति भंग करने पर तीन लोग गिरफ्तार, सेलाकुई पुलिस की कार्रवाई
सेलाकुई/देहरादून, 13 जुलाई।
देहरादून जनपद के थाना सेलाकुई पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को ग्राम जूलो भगवानपुर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे पर हमला करने के लिए आमादा रहे।
जांच में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं और आपसी रंजिश चली आ रही है। किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में ऋषिराज (59 वर्ष), आनंद किशोर (54 वर्ष) और लीला (49 वर्ष), सभी निवासी ग्राम जूलो भगवानपुर, थाना सेलाकुई, जनपद देहरादून शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार परगना मजिस्ट्रेट, विकासनगर के न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






