प्रेमनगर में हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे पर पुलिस का छापा, 5 गिरफ्तार
ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क के सुराग मिले, 55,690 रुपये नकद व 7 मोबाइल बरामद
देहरादून, 17 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी मकान में संचालित अवैध जुए और ऑनलाइन सट्टेबाजी के अड्डे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 55,690 रुपये नकद, सात मोबाइल फोन और 89 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना के आधार पर 16 जुलाई की देर रात त्यागी मार्केट स्थित एक निजी मकान में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान वहां ताश के पत्तों से जुआ खेलने के साथ-साथ ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से सट्टा लगाए जाने का खुलासा हुआ। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सुमित माकिन अपने मकान में लोगों को जुआ खिलाने और ऑनलाइन सट्टा लगाने की सुविधा उपलब्ध कराता था। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से मिले मोबाइल फोन से ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क के महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
यातेन्द्र भाटिया (44), निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर
संजय कुमार (36), निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर
राहुल कुमार (31), निवासी देवऋषि इन्क्लेव, पटेलनगर
राहुल कुमार (34), निवासी संजय कॉलोनी, पटेलनगर
सुमित माकिन (40), निवासी त्यागी मार्केट, प्रेमनगर
बरामदगी
55,690 रुपये नकद
7 मोबाइल फोन
89 ताश के पत्ते
इस कार्रवाई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी तथा पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।






