देहरादून में मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी, 13 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
देहरादून, 15 जुलाई। जनपद देहरादून में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन कराने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ड्राफ्ट रोल, एएसडी वोटर, सर्विस वोटर तथा मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सूची हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराई। उन्होंने राजनीतिक दलों से सूची का गहन परीक्षण कर किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराने की अपील की।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता तथा 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। वहीं, मतदेय स्थलों की संख्या 1,882 से बढ़कर 2,045 हो गई है।
उन्होंने बताया कि जनपद की सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूची, सर्विस वोटर सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है अथवा किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे 13 अगस्त 2026 तक अपने संबंधित मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक पंजीकरण अधिकारी या बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) शीघ्र नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के 35, कांग्रेस के 103 तथा सीपीआईएम के 1,394 बूथों पर अभी बीएलए-2 की नियुक्ति शेष है, जबकि बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अब तक किसी भी बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) के.के. मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद देवली सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






