खत कोरू की बैठक में मंदिर निर्माण कार्य समय से पूरा करने पर चर्चा
9 फरवरी । खत कोरु के आम सभा की बैठक खत के सदर स्याणा सुनील जोशी की अध्यक्षता में कचटा स्थित मंदिर प्रांगण में संपन्न की गई। बैठक में श्री चालदा महाराज मंदिर समिति एवं खत कोरू विकास समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों को लेकर चर्चा वार्ता की गई, साथ ही भविष्य के लिए कार्य योजना भी तैयार की गई है।
बैठक में श्री चालदा महाराज के मंदिर निर्माण कार्यों को अंतिम तौर पर समय से पूर्ण करना, ठंडोली व महाराज का आँगन आदि के शेष बचे हुए कार्य को पूर्ण करने पर चर्चा वार्ता की गई।
इस मौके पर खत के सदर स्याना सुनील जोशी ने कहा कि चालदा महाराज के खत कोरू कचटा आगमन से पूर्व संपूर्ण निर्माण कार्य पूरे होने चाहिए। साथ में कर्मचारियों द्वारा खत के लिए अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष सीताराम चौहान ने कहा कि सरकार, राजनेता या अन्य किसी धार्मिक संस्थानों के द्वारा जो धनराशि स्वीकृत की जाती है उसे मंदिर निर्माण कार्य में खर्च किया जाएगा जिससे मंदिर और आसपास के क्षेत्र को भव्य बनाया जा सके।
खत की विकास समिति के द्वारा मोटर मार्गो के सुधारीकरण, डामरीकरण, नए मोटर मार्गो को बनाने पर भी चर्चा वार्ता हुई। जिन मोटर मार्गो के लिए धनराशि स्वीकृत की गई उसके लिए विधिवत आभार व्यक्त किया गया। साथ में विकास समिति द्वारा मोटर मार्गो एवं अन्य विकास कार्यों पर समिति के सदस्यों का धन्यवाद व्यक्त किया गया।
बैठक में खत के सदर स्याना सुनील जोशी, मंदिर समिति के अध्यक्ष सीताराम चौहान, मातवर सिंह चौहान, सरदार सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान, राजेंद्र दत्त शर्मा, हाकम सिंह चौहान, धाम सिंह चौहान, स्वराज सिंह चौहान, चमन सिंह खन्ना, पूरन सिंह खन्ना, बारु सिंह, विरेंद्र चौहान, भाव सिंह, कलम सिंह चौहान, केदार सिंह राठौड़, शमशेर सिंह चौहान, चंदन सिंह, रणवीर सिंह चौहान आदि सहित अनेक लोग उपस्थित थे।






