आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के धरने को विपुल जैन ने दिया समर्थन, मानदेय 24 हजार रुपये करने की उठाई मांग
विकासनगर। विकासनगर ब्लॉक परिसर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को पूर्व मंडी अध्यक्ष विपुल जैन ने धरना स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन दिया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने विपुल जैन को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनसे एसआईआर (SIR) के साथ-साथ टीएचआर (THR) वितरण एवं जनगणना जैसे अतिरिक्त कार्य भी कराए जा रहे हैं, लेकिन लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है।
महिला कार्यकत्रियों ने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।
इस पर पूर्व मंडी अध्यक्ष विपुल जैन ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय को ई-मेल भेजा। साथ ही उन्होंने धरने में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से भी मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर अपनी समस्याओं और मांगों से अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं, इसलिए उनकी जायज मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करना चाहिए।






