राजनीतिक विद्वेष के तहत किसी सम्मानित परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण : संजय किशोर
विकासनगर। जिला कांग्रेस कमेटी पछुवादून के अध्यक्ष श्री संजय किशोर ने चकराता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री प्रीतम सिंह जी के परिवार से जुड़े ऑडियो प्रकरण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी सम्मानित परिवार की छवि को धूमिल करने के लिए कथित ऑडियो क्लिप का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि श्री प्रीतम सिंह जी का परिवार दशकों से जौनसार-बावर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से सक्रिय रहा है। उनके पूज्य पिताजी आठ बार विधायक रहे और इस परिवार ने लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर अपनी अलग पहचान बनाई है।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चमन सिंह चौहान जी एक सरल, शालीन और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। उनका परिवार जौनसार-बावर की सामाजिक परंपराओं और जनसरोकारों से गहराई से जुड़ा रहा है। क्षेत्र के अनेक परिवार पीढ़ियों से इस परिवार के संपर्क में रहे हैं और जरूरत के समय इन्हें सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलता रहा है। इस परिवार का सामाजिक योगदान किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा तक सीमित नहीं रहा है।
श्री किशोर ने कहा कि सामने आई ऑडियो क्लिप की सत्यता, उसकी पूरी पृष्ठभूमि और उसमें किसी प्रकार की एडिटिंग या छेड़छाड़ हुई है या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। केवल किसी कथित ऑडियो के आधार पर किसी व्यक्ति या परिवार के प्रति धारणा बनाना उचित नहीं है। पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और तथ्यों के आधार पर ही कोई निष्कर्ष निकाला जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध या किसी परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, तो यह लोकतांत्रिक राजनीति के लिए चिंताजनक है। राजनीति में विरोध और आलोचना हो सकती है, लेकिन व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और सामाजिक सम्मान को निशाना बनाना उचित नहीं है।
श्री संजय किशोर ने अपील की कि इस मामले को अनावश्यक राजनीतिक रंग देने के बजाय निष्पक्ष जांच होने दी जाए। जौनसार-बावर की सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी सम्मानित व्यक्ति या परिवार के योगदान का मूल्यांकन तथ्यों और उनके लंबे सामाजिक सरोकारों के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी विवादित ऑडियो क्लिप के आधार पर।
जिलाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी पछुवादून






