लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, सीओ ने विवेचकों की ली आदेश कक्ष बैठक
विकासनगर।कोतवाली विकासनगर में बुधवार को क्षेत्राधिकारी विकासनगर ने कोतवाली में नियुक्त समस्त विवेचकों की आदेश कक्ष बैठक लेकर लंबित मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुण-दोष के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्राधिकारी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अभियोगों की विवेचना, पार्ट पेंडिंग विवेचना तथा पुनर्विवेचना को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए वैज्ञानिक एवं दस्तावेजी साक्ष्यों का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही सिटीजन पोर्टल, साइबर पोर्टल, 1905 सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं अनुरोधों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण करने को कहा गया। क्षेत्राधिकारी ने विवेचना के दौरान ई-साक्ष्य का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विवेचक मामलों की जांच में साक्ष्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध कार्रवाई को प्राथमिकता दें।
बैठक के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और विवेचना प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।






