National media news ( nm news)

सम्पादक देवेन्द्र राय

November 10, 2026 9:40 pm

National media news ( nm news)

सम्पादक देवेन्द्र राय

Follow Us

November 10, 2026 9:40 pm

भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी जन-जागरण एवं हस्ताक्षर अभियान

भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस चलाएगी जन-जागरण एवं हस्ताक्षर अभियान

 

  • जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर की अध्यक्षता में हुई बैठक, कालसी एवं चकराता ब्लॉक से अभियान की होगी शुरुआत

विकासनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ब्लॉकों में भारतीय जनता पार्टी सरकार के कथित भ्रष्टाचार तथा मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ जन-जागरण एवं विरोध अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक में हस्ताक्षर अभियान आयोजित कर आम जनता को सरकार के कार्यों एवं विभिन्न विभागों में सामने आ रहे भ्रष्टाचार के आरोपों से अवगत कराया जाएगा।

हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं हस्ताक्षरों का पूरा विवरण प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जमा कराया जाएगा, जिसे आगामी 23 नवंबर को महामहिम राज्यपाल महोदय को सौंपा जाएगा।

 

इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर की अध्यक्षता में एक रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं चकराता विधानसभा प्रभारी शम्मी प्रकाश, कालसी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा तथा चकराता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमर सिंह के साथ आगामी हस्ताक्षर अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं चकराता विधानसभा प्रभारी शम्मी प्रकाश ने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी जन-जागरण अभियान शुरू कर रही है। इसकी शुरुआत कालसी एवं वीर चकराता ब्लॉक में हस्ताक्षर अभियान चलाकर की जाएगी। अभियान के माध्यम से आम जनता को सरकार के मंत्रियों एवं उनके विभागों पर लगते रहे भ्रष्टाचार के आरोपों और कथित अनियमितताओं से अवगत कराया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता के बीच सरकार की जवाबदेही का सवाल उठाएंगे।

 

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि पूरे पछुवा दून में प्रत्येक विधानसभा के अंतर्गत आने वाले हर ब्लॉक में यह हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों और मतदाताओं के बीच जाकर भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार एवं जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगी। जन-जागरण के माध्यम से जनता को जागरूक कर इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं चकराता विधानसभा प्रभारी शम्मी प्रकाश, कालसी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, चकराता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमर सिंह एवं जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अभिषेक गर्ग उपस्थित रहे।

NM News live
Author: NM News live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *