बद्रीपुर में श्रमिकों को वितरित की गईं 1100 श्रम किट
विकासनगर। बद्रीपुर में श्रम विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रमिक भाई-बहनों को विभिन्न प्रकार की श्रम किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने श्रमिकों को किट वितरित करते हुए कहा कि श्रमिक देश और क्षेत्र के विकास की रीढ़ हैं तथा उनके सम्मान, सुविधा और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान 300 न्यूट्रिशन किट, 300 हाइजीन किट और 500 एजुकेशन किट वितरित की गईं। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र श्रमिकों और जरूरतमंद परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

विधायक ने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम को सम्मान देने के साथ-साथ उनके परिवारों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में श्रमिकों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान बबीता, क्षेत्र पंचायत सदस्य रोनिका देवी, जिला पंचायत सदस्य सबिता देवी, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा मंडल महामंत्री मोहित कुमार, विश्वास, श्रम विभाग के इंस्पेक्टर रजत मेहता, किट एजेंसी के प्रतिनिधि प्रमोद रावत, पूर्व प्रधान सुभाष सैनी, सुनील तोमर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।






