जनसेवा से सहकारिता क्षेत्र तक: सुरत सिंह को मिली अहम जिम्मेदारी
विकासनगर। लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ भाजपा नेता सुरत सिंह को डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक देहरादून में संचालक पद की जिम्मेदारी मिली है। उनके निर्वाचित होने की जानकारी सामने आने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
सुरत सिंह का सार्वजनिक जीवन लंबे समय से जनप्रतिनिधित्व और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। वह एक बार ग्राम प्रधान, दो बार जिला पंचायत सदस्य और दो बार डीपीसी सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा भाजपा संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। संगठन में वह तीन बार उपाध्यक्ष, एक बार जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री तथा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं।
सहकारिता बैंक के संचालक पद पर निर्वाचित होने के बाद सुरत सिंह समर्थकों के साथ नौटियाल आवास पहुंचे। यहां पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान विकासनगर के सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, बहादराबाद हरिद्वार के पूर्व प्रमुख आदित्य चौहान, महेंद्र देवरानी, राकेश चौहान और मनोज पुंडीर सहित कई लोग मौजूद रहे।
मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि सुरत सिंह के लंबे जनप्रतिनिधि एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी मिलेगा।






