ऊधमसिंहनगर के रूद्रपुर में होने वाली राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए डाकपत्थर डिग्री कॉलेज की निकिता तोमर का चयन
विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर की छात्रा निकिता तोमर ने राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबॉल खिलाड़ी के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ योगेश भट्ट ने बताया कि ऊधमसिंहनगर के रूद्रपुर में होने वाली राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए निकिता का चयन हुआ है। निकिता वॉलीबॉल खेलने की इच्छुक बालिकाओं को निशुल्क प्रशिक्षण भी देती है। निकिता की इस उपलब्धि पर संपूर्ण महाविद्यालय में खुशी की लहर है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी एस नेगी ने निकिता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के लिए भी उपयुक्त है इसमें विशेषकर लड़कियां ओलंपिक स्तर तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है।
तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित एवं मिडिया प्रभारी डॉ राजकुमारी भंडारी चौहान ने कहा कि कालसी ब्लॉक के खत सैली, घिंगोऊ गांव निवासी 21 वर्षीय वॉलीबाल खिलाड़ी निकिता तोमर क्षेत्र की बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। निकिता डाकपत्थर महाविद्यालय में बी ए पंचम सेमेस्टर की छात्रा है जो तीन बार राष्ट्रीय स्तरीय खेल में प्रतिभाग कर चुकी हैं। निकिता की यह उपलब्धि महाविद्यालय परिवार के साथ ही साथ संपूर्ण जौनसार बावर के लिए के लिए गौरव का विषय है।
Author: NM News live
Post Views: 477






