एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
व राज्य सरकार का पुतला दहन
विकासनगर में एलपीजी गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और गैस की किल्लत के विरोध में आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में जुलूस निकालते हुए केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा सरकार का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन से शुरू होकर पहाड़ी गली चौक तक निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात भी प्रदर्शन में शामिल रहे।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार बार-बार यह दावा कर रही है कि एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। रोजाना गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें और भीड़ देखी जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री नव प्रभात ने कहा कि केंद्र सरकार की कमजोर विदेश नीति और गलत आर्थिक नीतियों का खामियाजा आज देश की आम जनता भुगत रही है। एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं और दूसरी तरफ गैस की भारी किल्लत भी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ कागजों और बयानों में ही सब कुछ ठीक बता रही है, जबकि जमीनी सच्चाई यह है कि आम जनता गैस सिलेंडर के लिए दर-दर भटक रही है।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ाकर सरकार ने गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को भारी संकट में डाल दिया है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को कम करे और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही गैस की कीमतों में कमी नहीं की गई और शॉर्टेज की समस्या दूर नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी।

कार्यक्रम में प्रदेश सचिव प्रेम प्रकाश अग्रवाल, विपुल जैन, शम्मी प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, आशीष पुंडीर, विकास शर्मा, संजय जैन, जितेंद्र रावत, राहुल वर्मा, हर्षुल शर्मा, नारीर हुसैन अनस मुनीर, राजीव शर्मा, धीरेंद्र ताड़ियाल अब्बास अली, अभी राजन , शिवली जैदी, असद, भूपेश उपाध्याय संदीप भटनागर सुरेंद्र शर्मा, ईलम चंद मुल्तानी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






