उत्तराखंड ने रचा नया शैक्षणिक कीर्तिमान: भारत बौद्धिक्स परीक्षा-2026 में 8634 छात्रों की रिकॉर्ड सहभागिता, देश में प्रथम स्थान

देहरादून, 2 फरवरी 2026: विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित भारत बौद्धिक्स परीक्षा-2026 उत्तराखंड में अभूतपूर्व उत्साह के साथ संपन्न हो गई। प्रदेश के 13 जनपदों के 115 उच्च शिक्षा संस्थानों में हुई इस परीक्षा में 8634 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। सहभागिता के मामले में उत्तराखंड ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रांत मंत्री डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह व्यापक सहभागिता भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन, संस्कृति एवं वैचारिक विरासत के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाती है। यह विद्यार्थियों को भारतीय विचारधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रांताध्यक्ष प्रो. जगमोहन सिंह राणा, उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक प्रो. आनंद सिंह उनियाल एवं क्षेत्र संयोजक प्रो. शिवराज सिंह के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
राज्य परीक्षा नोडल डॉ. गौरव वार्ष्णेय ने बताया कि कुल 12,966 छात्रों ने आवेदन किया था। शीतकालीन अवकाश और हाल की बर्फबारी के बावजूद 8634 छात्र परीक्षित हुए, जो प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाणपत्र मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शनकर्ताओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार ₹1 लाख, दो द्वितीय ₹50,000, चार तृतीय ₹25,000 तथा राज्य स्तर पर कई सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।

प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. राखी पंचोला ने सभी परीक्षा केंद्र नोडल अधिकारियों का अनुशासित संचालन के लिए आभार माना। प्रांत सह-मंत्री डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने ऑब्जर्वरों और प्रतिनिधियों के समर्पण की सराहना की। अध्ययन सामग्री नोडल अनिल सिंह तोमर ने जानकारी दी कि 21 पुस्तकों के हिंदी-अंग्रेजी सेट सभी संस्थानों तक पहुंचाए गए।






