16 अक्टूबर 2025, डाकपत्थर।
वीर शहीद केसरी चंद महाविद्यालय में संस्कृत विभागीय परिषद का गठन
डाकपत्थर (देहरादून): वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर संस्कृत विभाग की विभागीय परिषद (Departmental Council) का गठन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया तथा सभी ने विभागीय गतिविधियों में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

गठित परिषद में अध्यक्ष पद पर बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र दिशांत पाल को सर्वसम्मति से चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर बी.ए. पंचम सेमेस्टर की छात्रा उषा चौहान, सचिव पद पर बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा गुनगुन, सह सचिव पद पर समीक्षा चौहान (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) तथा कोषाध्यक्ष पद पर बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ऋतु चौहान का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राधेश्याम गंगवार, सहायक प्रोफेसर डॉ. वीर राघव खंडूड़ी तथा अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष निरंजन कुमार प्रजापति उपस्थित रहे। सभी अध्यापकों ने नवगठित परिषद के पदाधिकारियों को बधाई दी और उन्हें संस्कृत भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण, प्रचार और विभागीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी परिषदें विद्यार्थियों के नेतृत्व कौशल को विकसित करने तथा शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होती हैं।






