सेपियंस विद्यालय में गांधी जयंती व शास्त्री जयंती का उत्सव

द सेपियंस स्कूल, हरबर्टपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती संयुक्त रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने दोनों महान नेताओं को नमन किया।
इस अवसर पर छात्रों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी के “जय जवान, जय किसान” के नारे को याद करते हुए प्रेरणादायी भाषण प्रस्तुत किए। विद्यालय की छात्राओं ने गांधी भजन “रघुपति राघव राजा राम” गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं विद्यार्थियों ने नाटक और कविता-पाठ के माध्यम से दोनों नेताओं के विचारों को जीवंत किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती गीता नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्श आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, ईमानदारी और सादगी के पथ पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
“स्वच्छता के लिए श्रमदान करें हम ,
देश को कचरा मुक्त करें हम।”

इन्हीं पंक्तियों को साकार करते हुए गांधी जयंती के अवसर पर आज दिनांक 2 अक्टूबर को सेपियंस स्कूल विकासनगर के एन० सी० सी० छात्राओं ने विद्यालय परिसर के आस पास सफाई अभियान में अपना सहयोग दिया।
सर्वप्रथम विद्यालय प्रांगण में गांधी जी तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तत्पश्चात् स्वच्छता कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।
विद्यालय परिसर से प्रारंभ कर आसपास के क्षेत्रों से होते हुए बच्चों ने सभी को स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यालय प्रधानाचार्य श्री नवीन तनेजा ने सभी को गांधी जयंती तथा लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दी तथा स्वच्छता का महत्व समझाया।






