जनजातीय पी०जी० कॉलेज साहिया में 26 और 27 अक्टूबर को अंतर-महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन
संवाददाता एस एस विष्ट
उत्तराखंड साहिया। सरदार महिपाल राजेंद्र जनजातीय पी०जी० कॉलेज, साहिया, में 26 और 27 अक्टूबर, 2024 को श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 29 टीमें भाग लेंगी, जिनमें पुरुष और महिला दोनों वर्ग की टीमें शामिल हैं।
पुरुष वर्ग में कई प्रतिष्ठित कॉलेजों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर, वी०श०के०चं० राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर, पं० ललित मोहन शर्मा पी०जी० कॉलेज ऋषिकेश, और के०एल०डी० ए०वी० पी०जी० कॉलेज रुड़की जैसी प्रमुख संस्थाएं शामिल हैं। महिला वर्ग में आशादेई डिग्री कॉलेज भोगपुर, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि, और बर्फीया लाल जुवांटा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पुरोला सहित अन्य महाविद्यालयों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
क्रीड़ा प्रभारी रिंकूदास भारती ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी प्रतिभागी टीमों के लिए आवासीय और भोजन की व्यवस्था आयोजक कॉलेज द्वारा की गई है। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने का एक मंच प्रदान करेगी, बल्कि खेल के प्रति विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम वर्क की भावना का भी विकास करेगी।
प्रतियोगिता को लेकर महाविद्यालय प्रशासन और स्थानीय छात्रों में जबरदस्त उत्साह है, और उम्मीद है कि यह आयोजन खेल क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर कबड्डी के खेल को और बढ़ावा देगा।
Author: NM News live
Post Views: 185






