हरेला पर्व पर वन पंचायत खारसी में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
संवादाता जोधवीर रावत

चकराता। विकास खण्ड चकराता की वन पंचायत खारसी में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकपर्व हरेला के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर वन पंचायत क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाली उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा है।
कार्यक्रम में वन सरपंच श्री प्रीतम पंवार, ग्राम प्रधान श्रीमती प्रियंका देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती श्रीमती विनीता देवी तथा ग्राम स्याणा श्री मुकेश पंवार सहित ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प के साथ किया गया।






