सेलाकुई पुलिस ने 15 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद, 3.20 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस द्वारा भारत सरकार के संचार सारथी (CEIR) पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 14 जुलाई 2026 को सेलाकुई पुलिस ने विभिन्न कंपनियों के 15 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये है, बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, थाना सेलाकुई में मोबाइल गुम होने की शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित मोबाइल की गुमशुदगी दर्ज कर उसे CEIR पोर्टल पर ट्रेसिंग के लिए अपलोड किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत इन मोबाइल फोन का सफलतापूर्वक पता लगाकर उन्हें उनके मालिकों तक पहुंचाया गया।
थाना सेलाकुई पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक CEIR पोर्टल के माध्यम से कुल 85 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख 50 हजार रुपये है, बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं। पुलिस की इस पहल से आमजन में विश्वास और संतोष का माहौल है।






