कैंट क्षेत्र में देह व्यापार का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
गोपनीय सूचना पर पुलिस की छापेमारी, तीन महिलाओं को रेस्क्यू; बाहरी राज्यों से बुलाकर कराया जाता था देह व्यापार
देहरादून। कैंट क्षेत्र में संचालित अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना के बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक स्कूल के पीछे स्थित स्थान पर तीन महिलाएं और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ एक स्विफ्ट कार (UK 07 FB 5211) भी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने सीज कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी महिलाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बाहरी राज्यों से देहरादून बुलाता था और उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उनसे देह व्यापार करवाता था। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पाण्डे निवासी जयपुर, राजस्थान और जंग बहादुर निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं 3/4/5/6/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






