उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 48 घंटे में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
सम्पादक देवेन्द्र सिंह राय
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के भीतर राज्य के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
अचानक बदलते मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। किसानों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, वहीं खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 5 मई तक कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करें और सुरक्षित रहें।






