25 जून 2025, डाकपत्थर।
डाकपत्थर महाविद्यालय में प्रवेश के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून
उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है।
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर के प्राचार्य डॉ. डी.एस. नेगी ने जानकारी दी कि वर्तमान में केवल 544 छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जबकि यह महाविद्यालय पछवादून क्षेत्र का सबसे बड़ा उच्च शिक्षण संस्थान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 30 जून के बाद प्रवेश की प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी, अतः इच्छुक छात्र समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने विद्यार्थियों से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि देर से आवेदन करने वाले छात्र न केवल दाखिले से वंचित रह जाते हैं, बल्कि छात्रवृत्ति व अन्य योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पाते।
यह महाविद्यालय उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्र के छात्रों के लिए एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है। महाविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, एनसीसी, एनएसएस, खेल, और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ रोजगार उन्मुख शिक्षा के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।






