27 दिसम्बर 2025, डाकपत्थर
डाकपत्थर महाविद्यालय बना ‘राष्ट्रीय भारत बौद्ध IKS परीक्षा’ का केंद्र
डाकपत्थर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर को ‘राष्ट्रीय भारत बौद्ध IKS परीक्षा’ के लिए आधिकारिक परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।
यह परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत भारतीय ज्ञान प्रणाली को उच्च शिक्षा में समाहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की प्रांत मंत्री डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षा 31 जनवरी 2026 को ऑफलाइन (पेन-पेपर) मोड में आयोजित की जाएगी । परीक्षा में स्नातक (UG) एवं स्नातकोत्तर (PG) दोनों स्तरों के विद्यार्थी भागीदारी कर सकेंगे। महाविद्यालय से डॉ. के. के. गंगवाल को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा के समस्त प्रबंधन एवं सुचारू संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इस राष्ट्रीय परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान पर आने वाले विद्यार्थी को ₹1,00,000, द्वितीय स्थान के दो विद्यार्थियों को ₹50,000-₹25,000, तृतीय स्थान के चार विद्यार्थियों को ₹25,000-₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त 200 छात्रों को ₹2,500 के विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर का प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डी. एस. नेगी ने आश्वासन दिया कि परीक्षा के सफल आयोजन हेतु महाविद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान प्रणाली का ज्ञान शिक्षा, पर्यावरण विज्ञान, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक अध्ययन जैसे क्षेत्रों में करियर के नए अवसर खोलता है। आने वाले समय में मीडिया, अनुसंधान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, व्यापार और वाणिज्य जैसे क्षेत्रों में IKS विशेषज्ञों की व्यापक मांग होगी । वैश्विक संदर्भ में सांस्कृतिक दक्षता तेजी से महत्वपूर्ण होती जा रही है, और IKS की समझ छात्रों को इस दिशा में सक्षम बनाती है। प्राचार्य ने छात्रों से इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।






