अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं को छात्रावास से निकाले जाने का आरोप

साहिया 28 अप्रैल
विकासखंड कालसी अंतर्गत ग्राम धनपऊ लखवाड स्थित छात्रावास में रही अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं को छात्रावास से निकाले जाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया है। वहीं दूसरी ओर छात्रावास अधीक्षिका ने आरोपों से इनकार किया है। सोमवार को तहसील मुख्यालय कालसी पहुंचे ग्राम धनपऊ तथा आसपास के क्षेत्र के अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों द्वारा तहसील के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में लिखा गया है कि राजकीय बालिका छात्रावास में रह रही अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं को निकाला जा रहा है। ज्ञापन में लिखा गया है कि छात्रावास की प्रभारी विनीता रावत द्वारा जातिगत भेदभाव के चलते अनुसूचित जाति वर्ग की छात्राओं को छात्रावास से निकाला जा रहा है। ज्ञापन पिंकी, तानिया, सिमरन, अंजलि, रवीना, रेनू, रिंकल रिशिका आदि छात्राओं के नाम का उल्लेख करते हुए लिखा गया है की उक्त छात्राओं को बगैर किसी कारण के छात्रावास से निकाल दिया गया है। ज्ञापन में मांग की गई है की निकाली गई छात्रों को छात्रावास में पुनः प्रवेश दिलाया जाए। ज्ञापन देने वालों में भीम दत्त, सोहनलाल, सुरेंद्र सिंह चौहान, दीवान सिंह, किरन देवी, सुशीला, उदय सिंह तोमर, सन्नी कोईराला, मंजीत, गजेंद्र, अनिल बिष्ट आदि शामिल थे। वहीं दूसरी ओर इस बारे में संपर्क किए जाने पर छात्रावास अधीक्षिका विनीता रावत ने ज्ञापन में लगाए गए आरोपों से इनकार किया। उन्होंने बताया कि किसी भी छात्रा को छात्रावास से नहीं निकाला गया है। कुछ छात्राओं को कुछ समय पूर्व उनके अभिभावक अपनी इच्छा से छात्रावास से ले गए थे।






