देहरादून में स्वच्छता अभियान के तहत उठा 40 टन कूड़ा, डीएम ने खुद संभाली सफाई की कमान
दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा विशेष अभियान, गीले और सूखे कूड़े का होगा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण।
देहरादून
देहरादून को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 40 टन कूड़ा उठाया गया।

खास बात यह रही कि जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम के कर्मचारियों और जीजीआईसी राजपुर की छात्राओं के साथ खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया और कूड़ा उठाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
दशहरा पर्व के बाद चलाए गए इस अभियान में परेड ग्राउंड से करीब 10 टन, जबकि पटेलनगर, हिंदू नेशनल स्कूल लक्ष्मण चौक और रेसकोर्स सहित अन्य स्थानों से लगभग 30 टन कूड़ा एकत्र किया गया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक लगातार सफाई अभियान चलाया जाए और सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों तथा बाजारों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके साथ ही गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्र कर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि देहरादून और ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से सफाई अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। रिस्पना नदी सहित अन्य चिह्नित स्थानों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

फिलहाल, प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य साफ है—शहर को स्वच्छ रखना, कूड़े का उचित प्रबंधन करना और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना। अब देखना होगा कि प्रशासन के इन प्रयासों में जनभागीदारी कितनी प्रभावी रहती है।






