श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सेपियंस विद्यालय में गूँजा कृष्ण भक्ति का रंग

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सेपियंस विद्यालय हरबर्टपुर एवं विकासनगर में विशेष प्रार्थना सभा का भव्य आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक राधा-कृष्ण झाँकी ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, भजन, प्रेरणादायक विचार एवं भाषण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी शिक्षाओं और आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मधुर भजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने कृष्ण-सुदामा की अटूट मित्रता, यशोदा माता के वात्सल्य तथा श्रीकृष्ण के अद्भुत रूप-सौंदर्य को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत कर इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया और पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर हरबर्टपुर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए
विद्यार्थियों को सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा सत्य एवं धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधन,निर्देशिका सुश्री रश्मि गोयल एवं विकास नगर प्रधानाचार्य नवीन तनेजा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा विद्यार्थियों की सुंदर प्रस्तुतियों की सराहना की।

जन्माष्टमी के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति श्रद्धा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।






